
ग्रुप फोटो के दौरान महिला टीम की खिलाड़ी
उत्तराखंड में चल रहे हैं 38वें नेशनल गेम में देशभर के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। अब तक हुए खेलों में महाराष्ट्र 32 पदक जीतकर नंबर वन है। जिसने 7 स्वर्ण, 16 रजत और 9 कांस्य पदक जीते हैं। इस तरह दूसरे नंबर पर मणिपुर के खिलाड़ियों का दबदबा रहा।
.
जिन्होंने सबसे ज्यादा 9 स्वर्ण पदक, 7 रजत और तीन कांस्य पदक समेत कुल 19 मेडल जीते हैं। जबकि कर्नाटक में भी 9 स्वर्ण पदक जीतकर कुल 17 मेडल जीते हैं। जबकि उत्तराखंड 6 मेडल के साथ सबसे निचले पायदान पर है जिसे कुल एक स्वर्ण पदक जीता है।

अंकिता और हर्षित ने जीता वूशु में पदक
वूशु में उत्तराखंड ने रजत के कांस्य जीता
तीसरे दिन वुशु प्रतियोगिता में देशभर के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी वूशु प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर दो और पदक हासिल किए। उत्तराखंड के हर्षित शर्मा ने रजत पदक और अंकित ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। उत्तराखंड की झोली में अब तक एक स्वर्ण दो रजत और तीन कांस्य पदक आ चुके हैं।

मर्सी न्गाइमोंग ने स्वर्ण पदक जीता
जियांशू में अरुणाचल की मर्सी ने स्वर्ण जीता
महिला जियानशू प्रतियोगिता में अरुणाचल प्रदेश की मर्सी न्गाइमोंग ने स्वर्ण पदक जीता। दिल्ली की भूमि ने रजत पदक हासिल किया और उत्तराखंड की अंकिता को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।
उधर पुरुष जियानशू प्रतियोगिता में सर्विसेज टीम के अंजुल नामदेव ने स्वर्ण पदक जीता,उत्तराखंड के हर्षित शर्मा ने रजत पदक पर कब्जा जमाया और छत्तीसगढ़ के डी. पार्थ ने कांस्य पदक हासिल किया।

पुरुष जियानशू प्रतियोगिता में अंजुल नामदेव ने स्वर्ण पदक जीता
ताईजिजियान में मध्यप्रदेश की प्रज्ञा को स्वर्ण
महिला ताईजीजियान प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश की प्रज्ञा यादव ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मणिपुर की खाइदम बिद्याश्वरी चानू ने रजत पदक हासिल किया और उत्तर प्रदेश की साक्षी जौहरी ने कांस्य पदक जीता।
पुरुष ताईजीजियान प्रतियोगिता में मणिपुर के कंगजम मोनिश सिंह ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया,दिल्ली के अभिषेक ने रजत पदक जीता और मणिपुर के ही वाहेंगम भुमेश्वर मीतेई ने कांस्य पदक प्राप्त किया।

रग्बी खेल प्रतियोगिता में हाथ आजमाते खिलाड़ी
रग्बी में हरियाणा और ओडिशा के खिलाड़ी चमके
वही, हरियाणा पुरुष और ओडिशा महिला रग्बी सेवेंस टीमों ने राष्ट्रीय खेल में लगातार तीसरी बार स्वर्ण पदक जीतकर ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी की। हरियाणा ने पुरुषों के फाइनल में महाराष्ट्र को 22-7 से हराया। जबकि ओडिशा की महिला टीम ने बिहार को 29-5 से पराजित किया। हरियाणा पुरुष टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। महाराष्ट्र ने मुकाबले में संघर्ष दिखाते हुए स्कोर 7-7 से बराबर किया। लेकिन इसके बाद हरियाणा ने अपने खेल का स्तर बढ़ाते हुए लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय खेल के फाइनल में महाराष्ट्र को हराया।